शनिवार, 22 नवंबर 2014

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष बने भूपेंद्र सिंह यादव और संदीप कुमार यादव बने महामंत्री

पूरब का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले केंद्रीय इलाहाबाद विश्वविद्यालय  के छात्र संघ अध्यक्ष चुनावों में समाजवादी छात्र सभा को बड़ी सफलता मिली है। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में शुक्रवार, 21 नवम्बर 2014  को संपन्न छात्रसंघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा के भूपेंद्र सिंह यादव 'टिंकू' अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सनत कुमार मिश्रा को 676 मतों से पराजित किया। महामंत्री पद पर समाजवादी छात्रसभा के ही संदीप कुमार यादव 'झब्बू' ने एबीवीपी के राहुल चौरसिया को 378 मतों के अंतर से पराजित किया। झब्बू को 2245 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर एक साल के अंतराल के बाद एक बार फिर किसी छात्रा ने जीत दर्ज की। नीलू जायसवाल भी आइसा से मैदान में थीं और 2489 वोट पाकर निकटतम प्रतिद्वंदी अभय कुमार सिंह को 213 मतों से पराजित किया। एबीवीपी के नव दिव्य कुमार मंगलम संयुक्त मंत्री तथा एआईडीएसओ के अंकुश दुबे सांस्कृतिक सचिव निर्वाचित हुए हैं। इनके अलावा संकाय प्रतिनिधियों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए। उम्मीद की मुताबिक सभी पदों पर बहुकोणीय मुकाबला रहा। विजयी प्रत्याशियों को रविवार सुबह 10 बजे छात्रसंघ भवन पर शपथ दिलाई जाएगी।

इसी प्रकार सीएमपी डिग्री कॉलेज में पहली बार अध्यक्ष पद पर चुनी गई छात्रा पूजा मिश्रा ने इतिहास रचते हुए अपने प्रतिद्वंदी अंगद यादव को 239 वोट से परास्त किया। पूजा को कुल 752 वोट मिले। महामंत्री पद पर विजयी अंकित सिंह यादव ने 598 वोट पाकर अभिषेक पांडेय को 114 वोट से परास्त किया। उपाध्यक्ष पद पर नीरज कुमार सोनकर, संयुक्त मंत्री पद पर मान सिंह और सांस्कृतिक सचिव के पद पर अर्पित मिश्रा निर्वाचित घोषित किए गए। विजयी प्रत्याशियों को चुनाव अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने शपथ दिलाई।

कोई टिप्पणी नहीं: